बुधवार, अगस्त 14, 2024

हम न करेंगे वैसा जैसा करते आए नाना

 नए जमाने में न चलेगा कोई चलन पुराना

हम न करेंगे वैसा जैसा करते आए नाना

हम ऊर्जा की बचत करेंगे उच्च दक्षता लाकर

चाहे कठिन लगे लेकिन हम लक्ष्य रहेंगे पाकर

पर्यावरण सुधारेंगे हमने मन में है ठाना

हम न करेंगे वैसा जैसा करते आए नाना


जो नदियों को दूिषत करते उनकी पोल खुलेगी

अपने पाप स्वयं धोलो जी गंगा अब न धुलेगी

नदियों का पानी है फिर से निर्मल नीर बनाना

हम न करेंगे वैसा जैसा करते आए नाना

नए जमाने में न चलेगा कोई चलन पुराना

हम न करेंगे वैसा जैसा करते आए नाना

शनिवार, मई 04, 2013

दैवीय आपदा.......


देवताओं के दाढ़ी और मूँछें नहीं होती थीं ।

वे हमसे ताकतवर थे ।

उनको युद्ध में हराना मुश्किल था लेकिन असंभव नहीं । रावण के डर से वे थरथर काँपते थे ।
...
उनके असुरों के साथ युद्ध होते रहते थे ।

हमारे ऊपर उनकी कृपा बनी रहती थी क्योंकि हम देवताओं और असुरों के बीच बफर स्टेट थे ।

देवता लोग हमें उल्लू बनाते रहते थे कि हमारे यहाँ वर्षा वे ही कराते हैं और उनकी ही आज्ञा से हमारे यहाँ धूप निकलती है आदि । यहाँ तक कि उन्होंने अपने नाम भी सूर्य, चंद्रमाँ आदि रख लिए थे ।

अपने प्रभावशाली लोगों को वे भगवान बताते थे । हमारे यहाँ कोई प्रभावशाली व्यक्ति पैदा होने पर वे उसे उन्हीं का अवतार बताकर उसे अपने में शामिल कर लेते थे ।

उनके कुछ नेता जैसे कि विष्णु जी, सांप्रदायिक टाइप के थे जबकि शिव जी जैसे नेता सेक्युलर थे ।

हम देवता और असुर किसी के सामने नहीं ठहरते थे इसलिए असुरों के डर से देवताओं की चापलूसी करते रहते थे । किन्तु हमारे कुछ राजाओं ने इतनी ताकत प्राप्त कर ली कि वे युद्ध में देवताओं की सहायता कर सके ।

देवताओं के पास अच्छे हथियार थे ।

वे स्वर्ग में रहते थे ।

स्वर्ग बहुत ऊँचाई पर था ।

स्वर्ग पहुँचना लगभग असंभव था । इस प्रयास में अक्सर लोग जान गवां बैठते थे, इसलिए यह आम धारणा बन गई थी कि स्वर्ग मरकर ही जाया जा सकता है । लेकिन देवता जिसे चाहें सशरीर स्वर्ग में बुला सकते थे ।

अर्जुन हथियार लेने स्वर्ग गए थे जबकि त्रिशंकु को जबरदस्ती स्वर्ग में पहुँचने पर धक्के मार कर बाहर निकाल दिया गया था । वे बेचारे शर्म के मारे वापस ही नहीं लौटे ।

स्वर्ग हिमालय के उस पार था । युधिष्ठिर हिमालय पार करके स्वर्ग पहुँच गए थे ।

हमारे यहाँ किसी राजा को घमण्ड होने पर उसको औकात याद दिलाना देवताओं को अच्छी तरह आता था ।

जब असुरों की ताकत कम हो गई तो उन्होंने हमारे साथ मेलजोल बढ़ाया । यह हमारे राजाओं को भी ठीक लगा क्योंकि हम भौगोलिक रूप से देवताओं से अधिक असुरों के सम्पर्क में आते थे ।

देवताओं से अच्छे संबंध गुजरे जमाने की बात हो गई लेकिन वे हमें औकात याद दिलाना नहीं भूले । किसी न किसी बहाने बता ही देते हैं कि, “ज्यादा उछलो मत !”

अबकी बार टैण्ट गाड़ दिए......................

सोमवार, अप्रैल 01, 2013

मूर्ख अच्छे हैं


आज मूर्ख-दिवस निकल गया । सबको बड़ी बेसब्री से इसका इंतजार रहता है । इसलिए नहीं कि इंतजार करने वाले सब मूर्ख हैं बल्कि इसलिए ताकि इस सुअवसर का सदुपयोग दूसरे लोगों को मूर्ख साबित करने के लिए कर सकें । एक बार दूसरों को मूर्ख सिद्ध कर दिया फिर स्वयं को तो ऑटोमैटिकली विद्वान घोषित हो ही जाना है ।

वैसे तो मूर्ख की कोई सर्वमान्य परिभाषा नहीं है । कहा जाता है कि मूर्खों के सिर पर सींग नहीं होते । किन्तु इस गणित से तो बैल होशियार की श्रेणी में आ जाता है और सारा मानव समाज मूर्ख बन जाता है । इतिहास पर निगाह डालें तो पाते हैं कि यदि कोई व्यक्ति जिस डाल पर बैठा हो उसी को काटे तो उसे मूर्ख समझना चाहिए । अर्थात् अपना ही नुकसान करने वाला । लेकिन आश्चर्यजनक रूप से इसके विपरीत जिस थाली में खाए उसी में छेद करने वाला मूर्ख नहीं कहलाता । अपना फायदा और दूसरों का नुकसान करना जिनके बाएं हाथ का खेल हो उनको होशियार, चालाक, चतुर और न जाने किन-किन उपाधियों से विभूषित किया जाता है । पर मूर्ख के लिए गधा, उल्लू और बेचारा जैसे पर्यायवाची उपयोग में लाए जाते हैं ।

जब बालक मूर्खता करता है तो उसे बचपना कहा जाता है और जब बड़ा आदमी वही बचपना करता है तो उसे मूर्खता का नाम दे दिया जाता है । टेक्निकली भगवान हर व्यक्ति को मूर्ख ही पैदा करता है लेकिन दुनिया में पहले से मौजूद चालाक लोग उसे बिगाड़ देते हैं ।

मूर्ख का कोई साथ नहीं देता । सब लोग तरह-तरह से उससे मजे लेते हैं जबकि वह किसी का बुरा नहीं चाहता  । मूर्ख से किसी को हानि की आशंका नहीं होती । वह किडनैपिंग नहीं कर सकता, हवाई जहाज हाईजैक नहीं कर सकता, परमाणु बम नहीं बना सकता । इन सारे कार्यों पर होशियारों का पेटेंट है ।

 यह आम धारणा है कि पति पत्नी में से कोई एक मूर्ख हो तो गृहस्थी बड़े आराम से चलती है । मूर्खों के बीच तलाक होता हुआ शायद ही किसी ने देखा होगा । तेज लोगों के बारे में मित्र पहले ही आगाह कर देते हैं कि फलाँ आदमी बहुत तेज है जरा सँभलके रहना ।  जो लोग बहुत चालाक होते हैं वे किसी के काम आते हुए कम कम ही देखे जाते हैं । आमतौर पर जिनके बाल जल्दी सफेद हो जाते हैं तत्पश्चात खोपड़ी चिकनी हो जाती है और आँखों पर चश्मा चढ़ा रहता है वे मूर्ख नहीं समझे जाते । लेकिन शरीर बेचकर होशियारी का तमगा हासिल करने वालों पर तरस आता है ।

आज बाजारीकरण के युग में जब दाग अच्छे हो गए हैं तो मूर्खों ने किसी का क्या बिगाड़ा था । मूर्ख भी अच्छे हो गए । कभी गधाप्रसाद के रूप में तो कभी बागा बनकर खूब बिक रहे हैं ।

गुरुवार, नवंबर 08, 2012

लगे नवम्बर माह सुहाना

 

कभी धूप से करे मित्रता

कभी छाँव के दल में जाना

बात अटपटी फिर भी हमको

लगे नवम्बर माह सुहाना

 

हमसे दूरी लगे बढ़ाने

अब ऐसे ये सूरज दादा

जैसे हमसे कर्ज लिए हों

करते हों हम रोज तकादा

 

पंखे की छिन गई नौकरी

कूलर, एसी के जैसी

हीटर की उम्मीद बढ़ गई

यद्यपि ठण्ड नहीं ऐसी

 

शीतल पवन मुफ़्त मिलती है

सुबह शाम की बेला में

जितनी चाहे भर ले कोई

निज साँसों के थैला में

 

जुकाम, खाँसी जैसे ठग हों

किसी ताक में रहते हैं

जो इनके जाल में फँसें वे

कई दिनों तक सहते हैं

 

पक्षी सर्दी से बचने को

बदल रहे अपने अड्डे

इसी सुहाने माह नवम्बर

आता है मेरा बड्डे !

 

मंगलवार, फ़रवरी 21, 2012

राष्ट्रीय एकता एवं प्रगति में हिन्दी भाषा का महत्व

DSCN3169

DSCN3170

DSCN3171

DSCN3172

DSCN3173

DSCN3174

DSCN3175

DSCN3176

 DSCN3177

 DSCN3178

DSCN3179

DSCN3180

   इस निबंध को हिन्दी दिवस के अवसर पर नगर स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के लिए लिखा गया था । जब इसे प्रथम पुरस्कार मिल गया तो जनता की भारी माँग पर इसे यहाँ प्रस्तुत किया जा रहा है ।

सोमवार, अक्टूबर 03, 2011

ताजगी अक्टूबर का मास


ताजगी अक्टूबर का मास

दूर दूर तक नहीं कहीं पर
गरमी का आभास

ताजगी अक्टूबर का मास
धरती जैसे हुई पुष्पमय
नभ ने कहा शरद ऋतु की जय
अब न उमस का है कोई भय
यत्र तत्र सर्वत्र, दिखाई
देता बस उल्लास
ताजगी अक्टूबर का मास

त्यौहारों की चहल पहल है
खेतों में धान की फसल है
लगता है ज्यों पवन नवल है
शीतल स्वच्छ प्राणवायु पा
नई हुई हर साँस
ताजगी अक्टूबर का मास

दूर दूर तक नहीं कहीं पर गरमी का आभास
ताजगी अक्टूबर का मास

बुधवार, सितंबर 07, 2011

शर्म मँगाओ




शर्म मँगाओ !


संसद के गलियारों में है इसकी किल्लत


शर्म मँगाओ !



बम फूटे हौसला न टूटे,


मंत्रालय न हाथ से जाए ।


चाहे पड़े झेलनी जिल्लत


पर मंत्रीपद को न गँवाओ


शर्म मँगाओ !


बिना शर्म के नहीं चलेगा


कुछ उपाय कुछ बात करो


करो देश में ही वसूल


या बाहर से आयात कराओ


शर्म मँगाओ !



संसद के गलियारों में है इसकी किल्लत


शर्म मँगाओ !

गुरुवार, सितंबर 01, 2011

मेरा तुझे प्रणाम सितम्बर



धूप-छावँ का नाम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


वसुधा तृप्त हुई जल पीकर
हरियारी फैली धरती पर
धरती का गुलफ़ाम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


वर्षा सारा जहाँ धो गई
लेकिन अब कुछ मंद हो गई
इसका अल्प विराम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


बादल थककर वापस जाते
बचाकुचा पानी बरसाते
देता कुछ आराम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


लगती ताजा हवा भली सी
धूप कुरकुरी तली तली सी
तलता है बेदाम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


खेतों में झूमते धान हैं
इन पर लट्टू सब किसान हैं
खुशियों का पैगाम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


वर्ष यहाँ से ढलान पर है
नदियाँ कुछ कम उफान पर हैं
नदी किनारे ग्राम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


देख शरद ऋतु खड़ी द्वार पर
मस्ती सी छायी बयार पर
मेरा तुझे प्रणाम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर


धूप-छावँ का नाम सितम्बर
कोई उजली शाम सितम्बर

बुधवार, अगस्त 24, 2011

डाक्टर अमर कुमार को श्रद्धांजलि !

आज इस टिप्पणीकार की तमाम टिप्पणियाँ रह रहकर याद आ रहीं हैं । हम जहाँ डॉक्टर साहब से मौज लेने के अवसर तलाशते रहते थे वहीं उनसे थोड़ा सा डरते भी थे कि कहीं हम कुछ ऐसा न लिखें जिससे उन्हें टोकना पड़े । यहाँ काफी कुछ मन में घुमड़ रहा है लेकिन अब लिखा न जाएगा ।

आज डॉक्टर अमर कुमार शरीर से हमारे बीच नहीं हैं । लेकिन वे हमारे  मन में हमेशा बने रहेंगे । मेरी उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि !

मंगलवार, अगस्त 23, 2011

पतली गली से निकल जा



तेरा दावा है कि तू भारत का पूत है ।

मुझको लगता है कि तू दुश्मन का दूत है ॥


अक्ल से तू एकदम कंगाल हो गया ।

माना कि तेरे पास में दौलत अकूत है


मेरी माने तो अब आबरू बचा ले तू ।

पब्लिक खड़ी है देख ले हाथों में जूत है ॥


खींच ली जाएगी लंगोटी तेरी ।

सबको लगता है कि तू भागता भूत है ॥

रविवार, जुलाई 10, 2011

आया, मानसून आया

आज काफी दिनों के बाद ब्लाग पर आने का समय मिला है । असल में पड़ौस के बच्चों को स्कूल के लिए मौसम पर कविता लिखकर ले जानी थी । उनकी डिमाण्ड पर एक कविता लिखी तो सोचा इसे क्यों न ब्लॉग पर भी डाल दिया जाय जिससे इसका सूखा भी समाप्त हो सके । एक बार गरमी से परेशान होकर एक कविता लिखी थी "गर्मी की सरकार निरंकुश" । आज उसी श्रृंखला में यह कविता भी है ।

गर्मी की सरकार गिराने,
आया, मानसून आया ।
पड़े धूप के तेवर ढीले,
हुई बादलों की छाया ॥


भर उमंग में लगीं फुदकने,
चिड़ियाँ सब डाली-डाली ।
मधुर स्वरों में लगी बोलने,
कुहू-कुहू कोयल काली ॥


देख धरा पर चहल-पहल,
बूँदों का भी जी ललचाया ।
टप-टप गिरने लगीं भूमि पर,
मोर-नृत्य उनको भाया ॥


बारिश के देवता इंद्र ने,
इंद्रधनुष जब तान लिया ।
सूर्यदेव भी सहम गए,
चुप, पश्चिम को प्रस्थान किया ॥


धरती पर उत्साह, बाग में
फूल और हरियाली ।
सब कीचड़ बह गया,
साफ हो गयीं गावँ की नाली ॥

सोमवार, दिसंबर 20, 2010

सचिन की उम्र

सचिन को शतकों के अर्धशतक की बधाई । इस अवसर पर मैं सरकार को एक मुफ्त की सलाह देना चाहता हूँ कि वह सचिन की उम्र के बारे में बात करने को दण्डनीय अपराध घोषित करने के लिए एक कानून बनाए । इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जाय । फिर देखें कौन रोकता है संसद को चलने से ?

Earn free bitcoin

शुक्रवार, दिसंबर 10, 2010

खूब किया सत्कार

मेहमानों का आपने, खूब किया सत्कार ।
गर्दन नीची हो गई, पहन-पहनकर हार ।।
पहन-पहनकर हार, फिरें कीवी इतराते ।
क्लीन स्वीप कर मेजबान भी दाँत दिखाते ।।
विवेक सिंह यों कहें, कर्ज यह ऐहसानों का ।
चुके जल्द से जल्द, फर्ज है मेहमानों का ।।

बुधवार, नवंबर 10, 2010

अब खड़ाऊँ शत्रुघ्न के हवाले

जब राम जी को वनवास के दौरान यह खबर मिली कि अयोध्या में घोटाला हुआ है तो वे न तो उदास हुए और न अपनी प्रसन्नता ही उन्होंने लक्ष्मण जी को जाहिर होने दी । पर जो लोग यह दावा करते थे कि वे खत का मजमून भाँप लेते हैं लिफ़ाफ़ा देखकर, उन्होंने यह दावा किया कि राम जी को खुशी हुई थी क्योंकि घोटाले का ठीकरा भरत जी के सिर फूट रहा था और रामजी की खड़ाऊँ साफ बच निकली थीं ।


भरत को वन में आने के आदेश दिये गए । भरत आए । साथ में सफाई भी लाए । इतनी सफाई लाए कि जंगल के पेड़ पौधे साफ़ हो गए और  जंगल में मंगल हो गया । उन्होंने कहा, " भैया ! होनी को कौन टाल सकता है ? घोटाला तो होना था सो गया । पर आप इसका पॉजीटिव पक्ष भी तो देखिए । आपके राज में घोटाला भी हुआ तो आदर्श !"


किन्तु राम जी न पसीजे । उन्होंने लक्ष्मण को मामले की जाँच करके रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया । लक्ष्मण तो इसी ताक में थे । उन्होंने जाँच करके रिपोर्ट दी कि अब भरत को वन में बुला लिया जाय ताकि यह अपना आदर्श कार्य बड़े स्तर पर कर सकें ।  खड़ाऊँ शत्रुघ्न के हवाले कर दी जाएं ।  


जब यह खबर अयोध्या वासियों को मिली तो वे राम की जय जयकार करने लगे ।
( कलयुग की रामायण से )

रविवार, नवंबर 07, 2010

ओ मामा कुछ देते जाना

ओ मामा कुछ देते जाना
सीट सुरक्षा परिषद की दो
या देने का करो बहाना
ओ मामा कुछ देते जाना
 
थोड़ी सी तारीफ हमारी
कर दोगे यदि अबकी बारी
बिगड़ेगी न तबीयत थारी
फिर यूँ काहे का शरमाना
ओ मामा कुछ देते जाना
 
"भ्रष्टाचार कहीं भारत में
मिला न मुझे किसी हालत में
है ईमान यहाँ नीयत में"
दुनिया को ऐसा बतलाना
ओ मामा कुछ देते जाना
 
पाक पड़ौसी को हड़काना
खुलेआम कुछ डाँट पिलाना
बेशक करके फोन मनाना
खेप डालरों की भिजवाना
ओ मामा कुछ देते जाना
 
संकट में देश की लाज है
दकियानूसी यह समाज है
ऊपर से कोढ़ में खाज है
चलन गाल से गाल मिलाना
ओ मामा कुछ देते जाना
 
सीट सुरक्षा परिषद की दो
या देने का करो बहाना
ओ मामा कुछ देते जाना

मंगलवार, अक्टूबर 19, 2010

जली तो जली पर सिकी भी खूब

यूँ तो हम सभी जानते हैं कि जो आया है उसे कभी न कभी जाना ही है । फिर भी अपने प्रिय से बिछुड़ जाने पर दुख तो होता ही है ।
यही दुख मुझे तब हुआ जब लगभग तीन साल तक उठते-बैठते, सोते-जागते, खाते-पीते हमेशा मेरे साथ रहने वाला मेरा प्रिय मोबाइल नोकिया 6085 मेरा साथ छोड़ गया ।
उसके साथ मेरी कितनी यादें जुड़ी हैं, न पूछिए । बात दिसम्बर 2007 की है । डीमैट एकाउण्ट के लिये जीपीआरएस कनेक्शन लेने पर जब पता चला कि मेरे पास उपलब्ध मोबाइल से काम नहीं चलेगा तो झटके में नया मोबाइल लाया गया था । एक सनक थी कि आज ही इन्टरनेट चलाना है ।
विधि का विधान तो देखिए कि वह मोबाइल झटके के साथ ही गया । वर्धा जाते समय यह झटके के साथ जेब से गिरकर यह ऐसा गया कि मैं इसे बाय भी न बोल सका । इसके जाने से मुझे दुख तो होना ही था । साथ ही परेशानी भी खूब हुई होती । पर आयोजकों के हाथ बहुत लम्बे थे और मुझे परेशानी से निकाल लिया ।

मोबाइल खोया तो एक कहावत सच होती हुई लगी कि जली तो जली पर सिकी भी खूब । नया मोबाइल लेने का मन बहुत दिन से था लेकिन पुराने का क्या करें यही सवाल हल नहीं हो पा रहा था । शायद उसे इसका भान हो गया था और वह खुद ही शहीद हो गया ।

अब वर्धा से आते ही  नए मोबाइल की खोज शुरू हुई । खोजते खोजते प्रवीण पाण्डेय जी की एक पोस्ट मिली तो उन्हीं से सलाह लेने की ठानी । उन्हीं सिफारिशों को लागू करते हुए यह नोकिया C3 सेट लिया जिससे यह पोस्ट लिखी जा रही है ।

बुधवार, अक्टूबर 13, 2010

वर्धा के गलियारों से (कुछ झूठ कुछ सच )

  वर्धा ब्लॉगर सम्मलेन  के बारे में बहुत कुछ कहा और लिखा जा चुका है . हम भी कुछ आँखों देखा कानों सुना न कह लें तब यह कैसे लगेगा की हम वर्धा गए थे ?
वर्धा के गलियारों से (कुछ झूठ कुछ सच )
 प्रयास किया गया था की सभी विचारधाराओं के प्रतिनिधि  ब्लागरों को  बुलाया जाय . विचारधारा के चर्चे  यहाँ कभी कभार सुनाई भी दे रहे थे . मसलन एक ख़ास विचारधारा वाले ब्लॉगर दूसरी ख़ास विचारधारा वाले ब्लॉगर को कमरे में बंद करके टहलने चले गए .

कहा तो यह भी जा रहा है की विचारधाराओं के टकराव की वजह से ही कुछ ब्लागरों ने आना टाल दिया क्योंकि उनको भनक लग गयी थी कि विरोधी विचारधारा वाले पहले ही पहुंचकर कब्जा जमा सकते हैं .

ब्लागरों के ठहरने  के  लिए कमरों का इंतजाम भी विचाराधारा के अनुसार किया गया था . दक्षिणपंथियों  को दक्षिण में और उत्तरपंथियों को उत्तर में कमरे मिले हुए थे . जो लोग विचारधारा से जितना ऊपर उठ चुके हैं उन्हें उतना ही ऊपर कमरा दिया गया था .

सेवाग्राम आश्रम देखने  गए ब्लागरों ने शिकायत की कि गांधीजी स्वयं टब में स्नान करते थे तो बा के स्नानगृह में टब की व्यवस्था क्यों नहीं कराई गयी गयी ?

विनोबा भावे आश्रम देखने गए लोगों में से कई ब्लॉगर पवनार नदी में कूदकर नहाने के इच्छुक थे जैसे तैसे मनाने  पर  बड़ी मुश्किल से वे माने .

एक ब्लॉगर सड़क पर जोश में बेतहाशा भाग रहा था . बेचारा ठोकर लगाने से गिर गया और घुटनों में और माथे पर काफी चोट खा गया .

एक ब्लॉगर कैमरा और लैपटाप किसी पडौसी से मांग लाए थे . पर इतने से ही काम कैसे चलता ? उनको चलाना  भी तो आना चाहिए ? बड़ी मुश्किल से बात फैलने से रोकी गयी .

कार्यशाला में उपस्थित  विद्यार्थियों को शायद ब्लॉग बनाने में ज्यादा दिलचस्पी  नहीं थी इसीलिए दो समूहों  में से एक समूह  के विद्यार्थियों ने दूसरे समूह और बस के  जाने का हवाला देकर अपनी जान छुड़ाई और भाग निकले . 

ज्यादातर ब्लॉगर बिना परिचय के एक दूसरे को पहचान नहीं सके . आप ब्लॉग पर तो ऐसे दिखते हैं वैसे दिखते हैं आदि वाक्य बहुतायत में सुनने  को मिले . 

कई महिला ब्लागरों से जब बातचीत  के बहाने उनकी असल उम्र पूछने की कोशिश की गयी तो वे साफ़ इनकार कर गईं .

कुछ ब्लॉगर दूसरों को अपनी डिग्रियां गिनाने में लगे रहे . सुनने वाले ब्लागरों को बाद में छुपकर कान खुजलाते देखा गया .

सम्मलेन में आलआउट   नाम के एक ब्लॉगर को भी बुलाया गया था ताकि मच्छरों की समस्या से निजात मिल सके .

ब्लॉगर सम्मलेन का आयोजन करने वाले  महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिन्दी  विश्वविद्यालय के सम्बन्ध में एक  ब्लॉगर का मासूम सवाल था कि जब यह विश्वविद्यालय है तो फिर नाम में अंतरराष्ट्रीय लिखने की क्या जरूरत है ? विश्वविद्यालय तो पहले ही अंतरराष्ट्रीय होता है .  इसका जबाब कम से कम हमारे  पास तो नहीं था . 

खाने पीने की व्यवस्था टनाटन थी . यहाँ तक कि आते समय रास्ते के लिए भी परोसा दिया गया था . चाय पीने के लिए किसी को बाहर जाने की आवश्यकता न थी . मजे की बात तो यह कि चाय में कितनी चीनी डालनी है इसकी स्वतन्त्रता हर  ब्लॉगर को थी .

हाँ दवाओं की व्यवस्था ज़रा सोचनीय थी . एक ब्लॉगर को डिस्प्रिन माँगते  हुए देखा गया . लेकिन लोग उसे पैरासीटामौल ऑफर कर रहे थे .
कुछ  ऐसे ब्लॉगर भी मिले जिन्हें लोग अलग अलग समझते थे लेकिन वहां पता चला कि वे एक ही परिवार के सदस्य हैं .
कुछ ब्लॉगर  अपने जीवनसाथी को तो कुछ अपने भाई या बहन को लेकर पधारे थे .  

कुछ महिला ब्लागरों को  एक नौसिखिये ब्लॉगर को एकान्त में हड़काते देखा गया . बेचारे ब्लॉगर ने जैसे तैसे पीछा छुडाया .

अंतिम समय में सभी ब्लॉगर को एक दूसरे से फोटो आदान प्रदान करते देखा गया .  वैसे तो सभी ब्लॉगर पेनड्राइव, मेमोरीकार्ड, मोबाइल, कैमरा, लैपटाप आदि से लैस होकर मौक़ा-ए-वारदात पर  पधारे थे . किन्तु  एक ठो  ब्लॉगर ने बहाना बनाया कि उसका  मोबाइल ट्रेन में गुम हो गया है . इसपर दूसरे ब्लागरों ने आयोजक से मौज ली कि मोबाइल की क्षतिपूर्ती होनी चाहिए . इस पर एक स्वस्थ बहस की शुरूआत हो गयी जो नाश्ता आते ही ख़त्म भी हो गयी .

जाते जाते कुछ लोग साथियों को  हिदायत देते देखे गए  कि उनके फोटो मेल से उन्हें भेज दिए जायं .

बुधवार, अक्टूबर 06, 2010

बगुला














लगता है शर्मीला बगुला
होता किन्तु हठीला बगुला

कई रंग में मिलता बगुला
श्वेत रंग अति खिलता बगुला

श्वेत रंग यदि है भी बगुला
दूध-धुला नहिं वह भी बगुला

टेढ़ी गरदन वाला बगुला
लम्बी टाँगों वाला बगुला

पानी में न फिसलता बगुला
मछली पकड़ निगलता बगुला

नहीं चूककर रोता बगुला
फिर से चोंच डुबोता बगुला

ध्यान-मग्न हो खोता बगुला
दिखता जैसे सोता बगुला

नहीं बदलता सूरत बगुला
मानो कोई मूरत बगुला

मौका देख अकड़ता बगुला
तुरत शिकार पकड़ता बगुला

खेतों में आ जाता बगुला
दावत खूब उड़ाता बगुला

कीट पतंगे खाता बगुला
फिर भी भगत कहाता बगुला

हमको राह दिखाता बगुला
बको-ध्यान सिखलाता बगुला

सदा झुण्ड में रहता बगुला
रहो संगठित कहता बगुला

मंगलवार, अक्टूबर 05, 2010

भारत माता खुश हुई

खाता खोला स्वर्ण का, सही निशाना मार
बिन्द्रा-नारंग को कहें, बहुत बहुत आभार
बहुत बहुत आभार बनाया कीर्तिमान है
अर्जुन की इस मातृभूमि की बढ़ी शान है
विवेक सिंह यों कहें खुश हुई भारत माता
सही निशाना लगा स्वर्ण का खोला खाता

मित्रगण