बहुत मज़ा है, हफ्ते में बस एक बार नहाने में ।
बहुत मज़ा है, बाथरूम में बेढंगा गाने में ॥
बहुत मज़ा है, माँग माँगकर तम्बाकू खाने में ।
बहुत मज़ा है, किसी बडे नेता को गरियाने में ॥
बहुत मज़ा है, बिना काम ही शिफ्ट गुज़र जाने में ।
बहुत मज़ा है, कार्यस्थल से थककर घर जाने में ॥
बहुत मज़ा है, पैसा लेकर साफ मुकर जाने में ।
बहुत मज़ा है, मूर्खदिवस पर सबको बहकाने में ॥
बहुत मज़ा है, बिना किराये के बस में जाने में ।
बहुत मज़ा है, पॉपकॉर्न को एक एक खाने में ॥
बहुत मज़ा है, हाथ देखकर भविष्य बतलाने में ।
बहुत मज़ा है, लगभग हारा मैच जीत जाने में ॥
बहुत मज़ा है, सीमा गुप्ता जी को हँसवाने में ।
बहुत मज़ा है, चर्चा में उल्लेख किए जाने में ॥
बहुत मज़ा है, ज्ञान दत्त पाण्डेय को टिपियाने में ।
बहुत मज़ा है, कुश से दूरभाष पर बतियाने में ॥
बहुत मज़ा है, रोज़ नहीं लिखते हो इस ताने में ।
बहुत मज़ा है, फुरसतिया से शाबाशी पाने में ॥
बहुत मज़ा है, गलती करने में फिर मुस्काने में ।
बहुत मज़ा है, बचना सिंह से हडकाई खाने में ॥